
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नही ले रहा है, 12 दिन बाद फिर एक मादा बाघ शावक का शव उसी जगह मिला, पार्क प्रबंधन ने कहा आपसी लड़ाई
वन्य जीव प्रेमियों के लिए बुरी खबर

Umaria – वन्य जीव प्रेमियों के लिए नया वर्ष लगते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से फिर एक बुरी खबर सामने आ गई। साल 2024 जाते – जाते एक मादा बाघ शावक के मौत की बुरी खबर दे गया था और वर्ष 2025 आते ही फिर बुरी खबर सामने आ गई। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में 12 दिन बाद फिर उसी जगह हुई एक मादा बाघ शावक की मौत।
*क्या कहा उप संचालक ने*

उप संचालक बांधवगढ टाईगर रिजर्व प्रकाश कुमार वर्मा ने बताया कि पनपथा बफर के बीट खितौली के कक्ष क्रमांक आर.एफ. 501 में एक मादा बाघ शावक जिसकी उम्र लगभग 2 वर्ष है, उसका शव गश्ती दौरान मौके पर वन विभाग की टीम को मिला है। मृत्यु का कारण प्रथम दृष्टया दो बाघों की आपसी लड़ाई होना पाया गया, जिसकी मौके पर आस-पास जॉच कराई गई एवं एन.टी. सी.ए. की गाईड लाईन अनुसार पशुचिकित्सक एवं वन विभाग की टीम एन.टी.सी.ए. के प्रतिनिधि, राजस्व विभाग के प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि की उपस्थिति में शव का परीक्षण कराया गया एवं सेम्पल लिया गया जिसे परीक्षण हेतु प्रयोगशाला में भेजा जाएगा एवं उसके बाद दाह संस्कार किया गया।
क्या है वास्तविकता

गौरतलब है कि अभी 27 दिसम्बर को इसी कक्ष क्रमांक में दो वर्षीय मादा बाघ शावक की मौत हुई थी जिसकी सूचना टूरिस्टों ने पार्क प्रबंधन को दिया था और आज फिर उसी कक्ष क्रमांक में दो वर्षीय मादा बाघ शावक का शव मिलना संदिग्ध है, लेकिन हमेशा की तरह इस बार भी पार्क प्रबंधन आपसी लड़ाई बता कर पल्ला झाड़ लिया।
क्या कह रही हैं वन्य जीव विशेषज्ञ

वहीं छत्तीसगढ़ वाइल्ड लाइफ बोर्ड की वन्य जीव विशेषज्ञ नीतू गुप्ता का कहना है कि यदि टाइगर मेटिंग पीरियड में है और उस समय बाघ शावक उसके आसपास आकर डिस्टर्व करते हैं तो आवेश में मेल टाइगर बच्चे को मारने की नीयत से नही मारता है लेकिन उसके कारण बच्चों की मौत हो जाती है, वहीं दूसरी तरफ बच्चे वाली बाघिन दूर चली जाती है ताकि कोई दूसरा नर बाघ उसको डिस्टर्व न कर सके। इतना ही नही कभी भी नर बाघ मादा शावक को नही मारता है।
क्या चल रहा है बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में

अब ऐसे में यदि वन्य जीव विशेषज्ञों की माने तो पार्क प्रबंधन की दलील सरासर गलत प्रतीत होती है। जिससे ऐसा लगता है कि पार्क प्रबंधन अपनी कमी छिपाने के लिए बाघों के मामले में आपसी लड़ाई बता कर अपना पल्ला झाड़ लेता है और हाथियों की मौत को कोदो खाने से होना बता कर किनारा काट लिया, तेंदुए की मौत में बाघ के द्वारा हमला किया जाना बता दिया। वहीं खास बात यह है कि आज तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट को उजागर नही किया गया और वन्य जीव प्रेमियों द्वारा कई बार उच्च स्तरीय जांच की मांग करने के बाद भी ठीक ढंग से जांच नही की गई। यदि यही स्थिति रही तो वह दिन दूर नही जब वन्य जीव दर्शन के लिए लोग तरसने लगेंगे।
बांधवगढ़ में 12 दिन के अंतराल में फिर एक बाघ शावक की मौत







