Home भ्रष्टाचार एक्सीलेंस के प्राचार्य ने जीवित कुंआ किया बन्द और वसूल रहे शाला...

एक्सीलेंस के प्राचार्य ने जीवित कुंआ किया बन्द और वसूल रहे शाला विकास शुल्क

253
0

एक्सीलेंस के प्राचार्य ने केन्द्र एवं प्रदेश सरकार के जल संरक्षण की धज्जियां उड़ाते हुए जीवित कुंए को करवाया बन्द एवं वसूल रहे शाला विकास शुल्क

कब और किसने बनवाया यह स्कूल और कुंआ

उमरिया – जिला मुख्यालय स्थित एक्सीलेंस हायर सेकंडरी स्कूल जिसका निर्माण राजतंत्र के जमाने मे तत्कालीन महाराजा रीवा गुलाब सिंह जूदेव ने 1920 में उमरिया में गुलाब स्कूल बनवाया था जो मिडिल स्कूल रहा और वह स्कूल लगातार अपनी ऊंचाइयों को छूता गया और बाद में जब उसका उन्नयन हुआ तो सज्जन हायर सेकंडरी स्कूल के नाम से जाना जाने लगा, उसके बाद आदर्श हायर सेकंडरी स्कूल बना और फिर एक्सीलेंस सज्जन हायर सेकंडरी स्कूल बना, इस तरह इस विद्यालय का लंबा सफर अपने आप मे गौरव की बात है। इस विद्यालय में तत्कालीन महाराजा ने एक कुंआ भी खुदवाया था जिसमे सदैव पानी पर्याप्त मात्रा में रहता था और आज भी है। भयंकर सूखा के समय मे भी इस कुंए का पानी नही सूखता था बल्कि नगर वासियों की प्यास बुझाता था।

शासन की योजना पर पानी फेरते प्राचार्य

वहीं अब जब ट्यूबवेल और बोर की भरमार हो गई तो पानी की कमी पड़ने लगी तो केंद्र सरकार और प्रदेश की सरकार जल संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर ढेर सारी योजना चला रही है, कहीं वाटर रैन हार्वेस्टिंग सिस्टम लागू किया जा रहा है तो कहीं, पुराने सूखे कुंओं का जीर्णोद्धार किया जा रहा है, इस तरह अनेकों योजनाएं चलाई जा रही हैं, अरबों खरबों रुपये जल संरक्षण पर व्यय किया जा रहा है मगर उमरिया जिले के शिक्षा के मंदिर उत्कृष्ट विद्यालय में जल संरक्षण व संवर्धन एवं सरकार की योजनाओं के विरुद्ध कार्य किया गया है जहां छात्र-छात्राओं को जल संरक्षण एवं संवर्धन की शिक्षा देनी चाहिए तो वहीं यहां के प्राचार्य ने एक जीवित कुआँ को चारों ओर से पैक करा कर मंच बनाकर सरकार से सम्मान प्राप्त करने का एक अनोखा प्रयास किया है साथ ही नियम विरुद्ध बच्चों से शाला विकास शुल्क के रूप में 700 रुपये वसूला जा रहा है।

कुंआ पैक कर क्या बना

मामला उमरिया जिले के उत्कृष्ट विद्यालय का है जहां पर वर्ष 1920 में बने पुराने कुएं को प्राचार्य के द्वारा उसे पैक करवा दिया गया है प्राचार्य के द्वारा एक समिति का भी निर्माण किया गया जो इस समिति ने यह निर्णय लिया कि इस कुएं को पैक करके यहां पर एक मंच बना दिया जाए और मंच बना दिया गया अब इसी समिति के सदस्य व अध्यक्ष इस बात को कहते नहीं थकते की न तो हमें इस बात की जानकारी है और न ही इस संबंध में विभागीय पत्राचार हुए हैं।

प्रभारी प्राचार्य की दलील

वहीं इस संबंध में जब उत्कृष्ट विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य यू बी सिंह से बात किया गया तो उन्होंने बताया कि 25/07/2024 को एस एम डी सी अर्थात स्कूल मैनेजमेंट डेवलोपमेन्ट कमेटी की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया था कि पुराने कुंए के जगत को मरम्मत करवा कर मंच के रूप में परिवर्तित किया जाय, इस संबंध में माननीय कलेक्टर साहब से मौखिक निर्देशन के बाद ही बन्द नही करवाया गया है, बल्कि उसका मरम्मत करवा कर पानी की जगह को रोका गया है, आगे चल कर हम कुंए के पानी का गार्डनिंग में उपयोग करेंगे, उसमें एक छेद रखा गया है, उस छेद के माध्यम से हम जेट पम्प बैठा करके गार्डनिंग के लिए उसके पानी का उपयोग करेंगे, जब उनसे पूंछा गया कि किसी कुंए को बंद किया जाता है तो उससे गैस निकलने के लिए एक छेद छोड़ा जाता है तब उनका जबाब रहा कि हमारा कोई ऐसा उद्देश्य नही है हमने एस एम डी सी से प्रस्ताव में पारित करवाया है, सभी के संज्ञान में है, एस एम डी सी के जो सदस्य होते हैं वो सभी लोग हैं, विधायक प्रतिनिधि भी हैं, धनुषधारी सिंह जी भी हैं और सभी सदस्य हैं इसमें 19 सदस्य हैं।

पूर्व विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष क्या बोले

अब इस कुएं के मुद्दे को लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं जिला अध्यक्ष अजय सिंह का मानना है कि जब स्कूल बना स्टेट टाइम में तभी का यह कुआं बना हुआ है और जब पानी का संकट आया उमरिया नगर में उसे समय उत्कृष्ट विद्यालय का यह कुआं नहीं सूखा बाकी सब कुएं सूख गए थे यह कुआं बहुत उपयोगी है और हमारा यह मानना है कि यदि कुएं का पानी न निकले तो वह बदबूदार हो जाता है गंदा हो जाता है यह क्यों बंद किया गया यह हमारी समझ से बाहर है यदि सुरक्षा की दृष्टि से बंद किया गया तो उसको जाली लगाकर घेरना चाहिए पहले तो वहां से वाटर सप्लाई भी होती थी और इसको बीच-बीच में साफ करवाते रहना चाहिए उसको जिंदा रखने की जरूरत है ताकि नई पीढ़ी के बच्चे भी देखें कि किस तरह से जल को जल स्रोतों को संरक्षित किया जाता था बच्चे भी इस चीज को जाने और यदि कुआं बंद किया गया है तो किसलिए बंद किया गया है इसकी जांच कर दोषी के ऊपर सख्त कार्यवाही होनी चाहिए।

जिला शिक्षा अधिकारी ने क्या कहा

वहीं इस मामले में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी आर एस मरावी बस एक ही बात को रटने में लगे हैं कि हमको कोई जानकारी नही है, हम जांच करवा लेंगे।

प्राचार्य की मनमानी का आलम

गौरतलब है कि उमरिया के उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य ने तो अपनी मनमानी कर ली और कुएं के ऊपर मंच बनाकर सरकारी पैसे का बंदर बांट तो कर लिया तो लेकिन सवाल यह उठता है कि जहां सरकार एक और जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए करोड़ों रुपए खर्च करती है मगर यहां तो सरकारी पैसा खर्च करके जल स्रोत को बंद करने का कार्य किया गया है साथ ही कभी यदि किसी कार्यक्रम के दौरान मंच टूटा तो बहुत बड़ी दुर्घटना होगी, ऐसे में अब इन प्राचार्य महोदय पर क्या कार्यवाही होगी यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। इतना ही नही इन प्राचार्य महोदय के द्वारा शासन के नियम विरुद्ध बच्चों से शाला विकास शुल्क के नाम पर भी 700 रुपये वसूले जा रहे हैं जबकि सरकार ने किसी भी तरह का अतिरिक्त शुल्क लेने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है उसके बाद भी मनमानी तरीके से पैसे वसूल कर दुरुपयोग किया जा रहा है और एस एम डी सी प्राचार्य के हाथ की कठपुतली बनी हुई है जबकि कलेक्टर इसके चेयरमैन होते हैं उसके बाद भी उनके नाक के नीचे उतना बड़ा भ्रष्टाचार और बच्चों का शोषण हो रहा है। जबकि पूर्व कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के संज्ञान में यह मामला आने के बाद उन्होंने शाला विकास शुल्क के नाम पर लिये जाने वाली रकम को तत्काल बन्द करवा दिया था, ऐसे में तत्काल इस पर संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

एक्सीलेंस के प्राचार्य ने जीवित कुंआ किया बन्द और वसूल रहे शाला विकास शुल्क

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here