
10 जंगली हाथियों के मौत मामले में नया मोड़ आया सामने, ग्रामीणों ने कोदो जहरीला होने की बात को नकारा सिरे से, कहा पार्क प्रबंधन छिपा रहा है अपनी कमी
ग्रामीणों ने नकारा कोदो खाने से हाथियों की मौत को

उमरिया – जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बीते दिनों हुई 10 जंगली हाथियों की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है, बांधवगढ़ के सलखनियां बीट में हुई हाथियों की मौत के मामले में कई टीमें जांच में जुटी हैं और उनका मानना है कि कोदों की फसल खाने से हाथियों की मौत हुई है, जबकि आज वन राज्य मंत्री ने घटना स्थल सलखनियां बीट का दौरा किया है, जहां पर ग्रामीणों ने कोदों फसल खाकर हाथियों की मौत को सिरे से नकार दिया है और कहा है कि जांच सही तरीके से नहीं हो रही है, क्योंकि विभाग द्वारा नष्ट कराई गई कोदों की उसी फसल को हमारे मवेशी दो दिन से खा रहे हैं जो पूर्णतः स्वस्थ्य हैं, उनको किसी तरह की हानि नही हुई है।
क्यों कर रहे हैं ग्रामीण निष्पक्ष जांच की मांग

ग्राम सलखनिया निवासी किसान ने बताया कि जांच निष्पक्ष होना चाहिये, जो ये लोग कह रहे हैं कि हाथी कोदो खाये हैं और मर गये। हम नही जानते कि हाथी कैसे मर गए, कोदो खाने से नही मरे हैं, हम खुद ही कोदो खाते हैं, 4 से 5 साल पहले हाथी आये थे लेकिन अभी 4 – 5 दिन पहले ही आये हैं, कम से कम 30 – 35 हाथी रहे और कोदो खाने से उनकी मौत नही हुई है।
ग्रामीण क्या कहते हैं

वहीं दूसरे ग्रामीण सुदामा सिंह का कहना है कि इस घटना की कोई जानकारी नही है बस इतना मालुम है कि 10 हाथी खत्म हो गये हैं, ये लोग बताते हैं कि कोदो खाने से मरे हैं, कोदो की खेती हमारे दादा परदादा करते आ रहे हैं, हमारे लिए अमृत है उसमें आज तक कोई रिएक्शन नही देखा है, आज भी जो कोदो यहां से लेकर रखे हैं उसको सुबह शाम मवेशी खाते हैं, उनको कोई नुकसान नही हो रहा है, हम तो मानते हैं कि इसमें कुछ नही है, कोदो से हाथी की मौत नही हुई है और कुछ कारण है, हम लोग मंत्री जी से चाहते हैं कि इसकी सही जांच हो।
वन राज्य मंत्री का क्या कहना है

वहीं इस मामले में वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार से जब बात किया गया कि ग्राम सलखनिया के किसानों का कहना है कि कोदो खाने से हाथियों की मौत नही हुई है तब उनका कहना है कि हम भी यही कह रहे हैं कि एक तरफ बात आ रही है कि हाथी कोदो खाये तो हम हर तरह से जांच किया है, हमारे अधिकारियों के साथ, हमारे मुख्यमंत्री ने निर्देश भी दिए थे कि ठीक से जांच हो, हमारे अधिकारी और हम कल तक रुकने वाले भी हैं, मृतक परिवार के यहां भी जाने वाले हैं, मुख्यमंत्री जी ने उनको 8 – 8 लाख करा दिये हैं और भी जो सहयोग मुख्यमंत्री स्वेच्छा निधि से हो सकता है वह भी करवाएंगे।
ग्रामीणों के मवेशी खा रहे हैं उसी कोदो की फसल को

गौरतलब है कि सलखनिया गांव के लोगों की माने तो जिस कोदो की फसल को पार्क प्रबंधन और वन विभाग के अधिकारियों ने उजाड़ दिया और उसको उनके पालतू मवेशी खा रहे हैं और उनको कुछ नही हुआ तो कहीं इसके पीछे जहर खुरानी का मामला तो नही है, हालांकि पूरी सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी लेकिन इतना तो तय है कि हाथियों की मौत का मामला उलझता ही जा रहा है।
हाथियों के मामले में आया नया मोड़ ग्रामीणों ने नकारा कोदो खाने से मौत







