उमरिया 25 मार्च – नवागत कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने आज दोपहर को अचानक नगर पालिका के निरीक्षण के लिए गये जहां हर बिन्दु पर गहनता से पूछताछ की जिस पर संतोष जनक उत्तर नही मिलने पर कुछ कर्मचारियों को फटकार लगाई वही कुछ लोगो को नोटिस देने के निर्देश दिये। नगरपालिका मे निरीक्षण हेतु पहुंचे कलेक्टर ने सर्व प्रथम सीएमओ से आवश्यक जानकारी ली, इसके बाद आवक जावक पंजी के संधारण को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए ठीक से काम करने का निर्देश दिए। वही विवाह सहायता राशि के प्रकरणों मे लापरवाहीपूर्वक कार्य करने, लेखा शाखा मे काम सही तरीके से नही पाये जाने पर सीएमओ को निर्देशित किया कि आवश्यक आदेश के साथ समस्त फाइल पेश करते हुए जिम्मेदारों पर कार्यवाही करें। उन्होने निर्माण शाखा का भी अवलोकन किया जहां हर एक फाइल पर चर्चा की।

पुराने रिकार्ड को संधारित करें
नपा के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्तव्यस्त रखे पुराने रिकार्डो को सही स्थान व सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होनें कड़े शब्दो मे ताकीद किया कि हर एक सहयोग के लिए हम तैयार है लेकिन लापरवाही किसी भी कीमत मे बर्दाश्त नही की जायेगी, मुझे काम मैदानी स्तर पर दिखना चाहिए, कागजी कार्यवाही मे लीपापोती नही होनी चाहिए। गौरतलब है कि कलेक्टर के निरीक्षण और सख्त तेवर के कारण नपा कर्मी सकते मे है।







