
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में 10 हाथियों की मौत से मचा हड़कंप, एपीसीसीएफ ने सभी की मौत के पीछे जहरीले कोदो की फसल को खाना बताया।
कितने हाथियों की हुई मौत

Umaria – जिले के विश्व विख्यात बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में जंगली हाथियों की मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा था और अंततः सभी 10 हाथी की मौत हो गई, टाइगर रिजर्व एवं डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी और इलाज में लगे होने के बाद भी सफल नही हो पाई।
कब आये हाथी बान्धवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का जंगल हमेशा हरा – भरा रहने वाला जंगल है, लगभग 6 वर्ष पूर्व वर्ष 2018 में उड़ीसा से छत्तीसगढ़ के रास्ते यहां लगभग 60 से 70 जंगली हाथियों का दल भटक कर आ गया था, तब से उन्हें यहां का जंगल इतना भा गया कि कहीं जाने का नाम ही नही लिये। कुछ दिन बाद ये अलग – अलग झुंडों में बंट कर चारो तरफ फैल गए। कई बार ये हाथी किसानों की फसल भी नुकसान किये, घर तोड़ दिए इतना ही नही लोगों को कुचल कर मौत के घाट भी उतार दिए।
कितने हाथियों का झुंड पहुंचा घटना स्थल और कितने की हुई मौत

यह 13 हाथियों का झुंड बगैहा, बडवाही होते हुए सलखनिया बीट के कक्ष क्रमांक R F 385 और P F 183A में आ गया और 28 तारीख की रात में किसानों की कोदो की फसल में घुस गये और उनकी फसल खा लिए उसके बाद 29 तारीख को दिन में इसी कक्ष क्रमांक R F 385 और P F 183A में 4 हाथी मृत अवस्था में मिले। दोपहर में जैसे ही गश्ती दल की नजर पड़ी उनने अधिकारियों को सूचना दिया और हड़कंप मच गया। रात में जब तक जबलपुर से डॉक्टरों की टीम पहुंच कर इलाज शुरू की, तब तक 30 अक्टूबर को 4 हाथियों की और मौत हो गई वहीं 31 अक्टूबर को भी 2 हाथियों की मौत हो गई, इस तरह कुल 10 हाथियों की मौत हो चुकी है वहीं। 13 हाथियों के झुंड में से 3 हाथी ठीक ठाक हैं, पार्क प्रबंधन उन पर भी नजर बनाए हुए है।
क्या कहा वन मंत्री ने

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के वन मंत्री राम निवास रावत ने अपने ट्विटर हैंडल पर हाथियों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए SIT गठित करने के निर्देश दिए हैं।
जिसके बाद SIT तत्काल ही बांधवगढ़ पहुंच कर घटना की जांच में जुट गई।
क्या कहते हैं एपीसीसीएफ

भोपाल से आये ए पी सी सी एफ वन्य जीव एल कृष्णमूर्ति ने बताया कि अब तक 10 हाथी 29 को 4 हाथी, 30 को 4 हाथी और कल 31 को 2 हाथी कुल 10 हाथियों की मौत हो चुकी है, और सभी का जो वेटनरी की टीम उनका इलाज करने के लिए आई थी, उनसे हमारा काफी डिस्कशन हुआ है, उनने जो पोस्टमार्टम किया है उनका कहना है कि हाथियों के पेट के अन्दर से काफी मात्रा में कोदो निकला है, उनका कहना है कि जो टॉक्सिन होता है उसमें काफी फंगस होता है और कोदो बहुत जहरीला होता है, संभावना व्यक्त कर रहे हैं, उसका सैम्पल इकट्ठा करके उनने भेजा है, और जो भी होगा उससे कारण स्पष्ट हो जायेगा। हमारी एसटीएफ की टीम और लोग आसपास के एरिया का मुआयना किया है और बहुत से सैम्पल इकट्ठा किया है, खेतों का लिया है और जहां पर उन्होंने कोदो खाया है उसका भी सैम्पल लिया है और वो सारे सैम्पल की जांच हो जाएगी और स्पष्ट हो जाएगा। हमारी कई सारी टीमें लगी हुई हैं जैसे वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो से टीम आई है वह भी अपने स्तर से जांच कर रही है, स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स की टीम है उसमें डॉग स्क्वायड भी है वो भी जांच कर रही है, वो तो बहुत सक्षम हैं, पूरे भारत मे एक ही टीम है, हमारे विटनेरी डॉक्टर्स की टीम लगी हुई है, अब जांच रिपोर्ट आएगी तो सब पता चलेगा।
क्या कहते हैं बांधवगढ़ के उप संचालक

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के उप संचालक प्रकाश कुमार वर्मा ने बताया कि अभी तक सभी 10 हाथियों की मौत हो चुकी है सभी हाथियों की मौत का कारण प्रथम दृष्टया कोदो खाने से मौत होना लग रहा है, हालांकि हमारी टीम और डॉक्टर लगातार जांच में लगे हुए हैं। एक मायकोटाक्सिन होता है, जो फंगल अटैक होता है, उसके कारण मौत होने का अंदेशा है, उसके पोस्टमार्टम के बाद सारे बिसरा आई बी आर बरेली भेजा गया है, एफएसएल सागर और जबलपुर भेजा गया है, उसकी रिपोर्ट आ जायेगी तब कारण स्पष्ट होगा लेकिन फिलहाल जो कारण है वह कोदो में मायकोटाक्सिन है, उसके कारण लग रहा है, पूर्व में भी ऐसी घटना हुई है, इसका लिटरेचर भी एवलेवल है इसके अलावा भी ग्रामीणों से भी बात किया गया है तो उसमें भी कुछ गायों, बैलों और भैंसों की मौत होने सामने आया है, इसमें जो हाथी मरे हैं, उसमें दो गर्भवती हाथी भी रही हैं।
बुजुर्ग ग्रामीण क्या कहते हैं

वहीं ग्राम भनपुरा निवासी बुजुर्ग ग्रामीण किसान मनोहर सिंह ने कुछ और ही बात बताया कि यह कोई नई बात है, यदि फसल में सांप का जोड़ा यदि संगम हो गया और लौटने लगा तो वो कोदो में मतावन (नशा) लगने लगता है, गहाई के लिए दांय फांदते हैं तो बैल मर जाते हैं, हमारे क्षेत्र में ऐसा हुआ है, दांय फांदने में शायद कोई बैल बच पता है नही तो तीन – तीन, 4 – 4 बैल मर चुके हैं, फिर उस फसल का उपयोग नही कर सकते हैं, उसको खाने से मतावन लगने लगता है, फिर उस कोदो को फेंक देते हैं, उसमें मौत है।
फसल जहरीली होने का क्या कारण है

गौरतलब है कि पुराने और बुजुर्ग किसान जो परंपरागत मोटे अनाज की खेती करते रहे उनका मानना है कि जिस कोदो की फसल में यदि नाग – नागिन का जोड़ा मेटिंग पीरियड में खेत मे लोट जाय या घूम जाय तो उतने एरिया की फसल जहरीली हो जाती है और यही कारण हो सकता है कि जिस खेत की फसल हाथियों का दल खाया उनकी मौत हो गई और जो नही खाये वो बचे हुए हैं। वहीं अगर देखा जाय तो अब टाइगर रिजर्व प्रबंधन और वन्य जीव चिकित्सक भी ग्रामीणों की बात से इत्तेफाक रखते नजर आने लगे हैं भले ही वो उसका साइंटिफिक रीजन बता रहे हों लेकिन इतना तो तय है कि जब सर्प विशेषज्ञों से वन विभाग मशविरा करेगा तो हो सकता है कि कोई नई बात और निकल कर सामने आये या फिर हो सकता है कि सांपो के मेटिंग पीरियड में कोई ऐसा जहरीला रस स्राव होता हो जो उस क्षेत्र की फसल को जहरीला कर देता हो, इसके लिए बारीकी से जांच करने की आवश्यकता होगी। हालांकि सारा मामला पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पायेगा।
मृत हाथियों का अंतिम संस्कार कैसे हो रहा है

वहीं पार्क प्रबंधन मृत हाथियों का पोस्टमार्टम करवा कर दो J C B मशीन लगा कर गड्ढा खोदवाकर उनको दफनाने की प्रक्रिया भी करने में लगा हुआ है।
कोदो की फसल का क्या किया पार्क प्रबंधन ने

इतना सब कुछ होने के बाद जब डॉक्टरों ने शंका व्यक्त किया कि कोदो की फसल का मायकोटाक्सिन के चलते भी हो सकता है तो पार्क प्रबंधन और STF ने किसानों की 7 एकड़ एरिया में बोई हुई कोदो की फसल को ट्रैक्टर चलवा कर नष्ट कर दिए और उसको आग के हवाले कर दिए ताकि दूसरे कोई भी वन्य जीव या अन्य जानवर की मौत उक्त फसल को खाने से न हो सके।
10 हाथियों की मौत मामले में हड़कंप कोदो की फसल को माने जिम्मेदार







