Home भ्रष्टाचार ओह माई गॉड रेल्वे में भी इतनी बड़ी लापरवाही हवा हवाई निरीक्षण

ओह माई गॉड रेल्वे में भी इतनी बड़ी लापरवाही हवा हवाई निरीक्षण

302
0

देश मे रेल विभाग को ईमानदारी से काम करवाने में अव्वल माना जाता है लेकिन ये क्या यहां तो घर बैठे दे दी गई ओ के रिपोर्ट और संयोग से बच गए पचासों मजदूर

क्या है मामला

Umaria – जिले के कटनी बिलासपुर रेल खंड के बिरसिंहपुर पाली से उमरिया के बीच तीसरी लाइन की औपचारिकता पूर्ण कर मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त निकल गये, जबकि अभी भी तीसरी लाइन का कार्य अपूर्ण है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मध्य बिरसिंहपुर पाली से उमरिया के मध्य निर्मित तीसरी रेलवे लाइन का सी आर एस निरीक्षण 31 मार्च व 1 अप्रैल को महज दिखावा कर औपचारिकता निभाते हुए जनक कुमार गर्ग निकल गये।

क्या है खास

खास बात यह है कि कही भी नई रेलवे लाइन का काम होने पर या कि बडी रेल दुर्घटना होने पर सी आर एस का निरीक्षण किये जाने का प्रावधान है। सी आर एस एक स्वतंत्र एजेंसी है, जो कि रेल विभाग से अलग सीधे गृह विभाग से जुडी एजेंसी है। जिसमें मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त निरीक्षण /जांच करते हैं। मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त ही नयी रेलवे लाइनो पर रेल गाड़ियां चलने के लिए, उपयुक्त है कि नहीं इस विषय पर विस्तृत, सूक्ष्मतम निरीक्षण कर रेल गाड़ियों के परिचालन की अनुमति प्रदान करते हैं, अनुपयुक्त /कमियां पाये जाने पर मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा कदापि रेल गाड़ियां परिचालन की अनुमति नहीं दी जाती है लेकिन सी आर एस जैसी महत्वपूर्ण एजेंसी ने जिस तरह निरीक्षण के दौरान संरक्षा और सुरक्षा के निर्धारित मानकों की अनदेखी की गयी है, इस वजह से सी आर एस निरीक्षण सवालों के घेरे में बताया जा रहा है। बताया जाता है कि निर्मित तीसरी रेलवे लाइन के ट्रैक पैरामीटर जो संरक्षा के होने चाहिए, उनकी अनदेखी की गई है। रेल पुलों का कार्य हो, पुलों पर गार्ड रेल, चेकरेड प्लेट, लेवल क्रॉसिंग में नॉन स्टैण्डर्ड चैक रेल, चैक रेल का गैप स्टैंडर्ड नहीं रखा गया, रोड यूजर के लिए प्रॉपर सड़क नहीं बनाई गई, यार्ड में प्वाइंटों के नीचे जर्जर स्लीपर को नहीं बदला गया, पुराने स्लीपरो को नहीं बदला गया, स्लीपर के नीचे कुशन नहीं है। इत्यादि रेल लाइन का काम अपूर्ण रहा, फिर भी मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त ने इन सब बारीकियों को नजर अंदाज करके मामूली निर्देश देते हुए ट्रैक पर रेलगाड़ियों के परिचालन हेतू अनुमति दे दी।

क्या हुआ था 4 दिन पूर्व

वहीं अभी 4 दिन पूर्व तीसरी रेलवे लाइन से दोपहर 13.00 बजे मालगाड़ी क्र NTSWS बिरसिंहपुर से उमरिया की ओर जा रही थी कि बिरसिंहपुर पाली और नोरोजाबाद के बीच जोहिला नदी के समीप तीसरी रेलवे लाइन में झंझारिया निर्माण कंपनी के कुछ कामगार रेल ट्रैक पर ड्रिल मशीन लेकर काम कर रहे थे, नियमतः रेल ट्रैक पर इस तरह के कार्य करने के लिये ब्लाक लेना अनिवार्य होता है, लेकिन ब्लाक लेना तो दूर झंझारिया निर्माण कंपनी ने रेल ट्रैक पर काम करने की सूचना रेलवे स्टेशन मास्टर को देना भी उचित नहीं समझा, जिस वजह से मालगाड़ी तीसरी रेलवे लाइन पर संचालित रही, और मालगाड़ी जा रही थी कि अचानक कार्यरत मजदूरों की नजर सामने आ रही मालगाड़ी पर पडी जिस पर उन्होंने भाग कर अपनी जान तों बचा ली, लेकिन ड्रिल मशीन हटाने का वक्त मजदूरों के पास नहीं था, फलत: मालगाड़ी का इंजन ड्रिल मशीन से टकरा गया, जिसके कारण इंजन का प्रेशर पाइप क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे रेल का संचालन रूक गया। ज्ञात हो कि झंझारिया निर्माण कंपनी की इस लापरवाही के चलते कई घंटों तक तीसरी रेलवे लाइन पर रेल के संचालन मे गतिरोध पैदा हो गया, वही पर एक बडी दुर्घटना होते होते बच गयी, नहीं तो शायद रेलवे के आलाधिकारियों की लुका छिपी के इस खेल को जग जाहिर होते देर नहीं लगती। इतना भुगतने के बाद अभी भी रेल प्रशासन इस घटना पर पर्दा डालने में जुटा हुआ है।

मार्च के अंतिम सप्ताह में किये थे निरीक्षण

इस घटना ने रेलवे के संरक्षा मानकों की खामियों को उजागर कर के रख दिया। बताया जाता है कि मार्च महीने के आखिरी दिवस पर तीसरी रेलवे लाइन जो कि पूर्णतः सुरक्षा मापदण्डो के अनुरूप नहीं थी फिर भी मुख्य संरक्षा आयुक्त जनक कुमार गर्ग ने इसे एक महज़ औपचारिकता मानकर सही ठहराते हुए कुछ खामियों को नोट कर उनको पूर्ण करने और रेल गाड़ियों के संचालन की अनुमति दे दी। ध्यान देने योग्य है कि निर्माण संबंधित उच्च प्रशासनिक अधिकारियों ने इस खामियों को पूरा किये बिना ही कागजों में कम्पलायेस कर सी आर एस को गलत जानकारी दे दी और मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त ने भी आंख बंद कर कम्पलायेस का निरीक्षण किये बिना ही रेल गाड़ियां दौड़ाने की अनुमति प्रदान कर दी, जिसके परिणामस्वरूप आधे अधूरे कार्य को आज भी आपा धापी में पूरा करने की होड़ लगी हुई है। यह हादसा इसी का परिणाम है । यद्यपि इस बात से रेलवे प्रशासन को आगाह किया गया था कि आधे अधूरे कार्य के कारण कभी भी हादसा हो सकता है लेकिन रेलवे प्रशासन कुंभकर्णी निंद्रा में लीन रहा। देखना लाजिमी होगा कि रेल प्रशासन इस घटना पर झंझारिया निर्माण कंपनी पर कार्यवाही करते हुए तीसरी रेलवे लाइन की सुरक्षा कराती है या कि और अन्य हादसों का इंतजार करेगी।

जानकारों का मानना

बताया जाता है नई रेलवे लाइन में जो ट्रैक पैरामीटर होने चाहिए वह नहीं है। जानकार सूत्रों का मानना है कि ट्रैक में स्लीपर की फिटिंग्स बहुत महत्वपूर्ण है, लेकिन चाभियां तक अभी अपूर्ण है बैलास्ट प्रोफाइल तक नहीं बनाई गई। इसके बाबजूद भी रेलगाड़ियों के परिचालन की अनुमति देना मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त को संदेह के घेरे में खड़ा करता है। इस नई रेलवे लाइन के घटियापन की शिकायत तो यहां तक बताई गई है कि सेक्शन में बने बड़े पुलों पर निर्धारित मापदण्ड की धज्जियां उड़ाते हुए निर्धारित मात्रा से कम लोहे की सरिया पिलर में लगाए जाने का मामला पहले भी प्रकाश में आया था, इस गंभीर मसले पर निचले स्तर के अधिकारियों को चार्जशीट जारी कर मामले को रफा-दफा कर दिया गया है। तीसरी नई रेलवे लाइन पर यार्ड मे जर्जर हालत में पॉइंट्स एंड क्रॉसिंग स्लीपर लगे हुए है। उनको तक बदला नहीं गया, पुलों के आस पास बिना कंपेक्शन के मिट्टी के ऊपर कंक्रीट ब्लॉक देखने के लिए लगा दिए गए है। इसी प्रकार एंबंकमेंट में भी कंपैक्शन नहीं किया गया, जो एक बरसात में बह जाएगी। पूर्ण रूप से संरक्षा का उल्लंघन किया गया है, जो नियमानुसार कार्य होना चाहिए उसका किया जाना भी उचित नहीं समझा गया।

सी आर एस निरीक्षण में नियमों की उड़ी धज्जियां

सूत्रों का मानना है कि कार्य अपूर्ण होने पर रेल गाड़ियां चलाने की अनुमति नहीं दी जा सकती थी लेकिन इस बार के सी आर एस निरीक्षण में इन सबकी धज्जियां उड़ाई गयी है। रेलवे लाइन अपूर्ण होने की स्थिति में प्रथम दिन मोटर ट्रॉली निरीक्षण के दौरान जगह – जगह कार्य होते हुए स्वयं सी आर एस टीम ने देखा, दूसरे दिन सुबह आठ बजे से होने वाला सी आर एस निरीक्षण स्पेशल ट्रेन शाम तीन बजे से शुरू किया गया और मुख्य संरक्षा आयुक्त को छह घंटे तक इंतजार करना पड़ा। तीसरी रेलवे लाइन में इसी घटिया पन को छिपाने के लिए सी आर एस स्पेशल ट्रेन 120 किलोमीटर की रफ्तार से ट्रायल होनी चाहिए थी लेकिन 90 किलोमीटर की रफ्तार पर चलाकर जिम्मेदार अधिकारियों ने औपचारिकता पूरी कर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर लिया। जबकि आज भी रेलवे लाइन में गिट्टियां डालने, पुलों का कार्य, टो वॉल, नालियां बनाने में मजदूर लगे हुए है। मशीनों से पैकिंग का काम जारी है।

कहीं घुनघुटी जैसा हादसा न होने पाये

तीसरी रेलवे लाइन के आधे अधूरे बने काम पर जिस तरह से रेल गाड़ियां दौड़ाने का सिलसिला जारी कर दिया गया है, कहीं वह बड़ी रेल दुर्घटना को अंजाम न दे जाये, इसके लिए उच्च रेल प्रशासनिक अधिकारियों को समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए नही तो गत वर्ष की भांति शहडोल बंधवावारा और घुनघुटी के मध्य बीच बरसात में जिस तरह रेल लाइन का सेस कई जगह बह गया था। इस बरसात में उसकी नौबत न आ जाए, समय रहते इससे उबरने का प्रयास किया जाना चाहिए ।

मुख्य संरक्षा आयुक्त घूमते रहे बांधवगढ़

खेदजनक कहा जाये कि इस बार के सी आर एस में पहुंचे मुख्य संरक्षा आयुक्त जनक कुमार गर्ग एवं सहयोगी बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सफारी का लुत्फ लेते हुए भारतीय आतिथ्य में स्वागत सत्कार और बिदाई में थैली भेंट ले आधी अधूरी तीसरी रेलवे लाइन को हरी झंडी दिखाकर रवाना हो गए।

क्या कहे बिलासपुर रेल पीआरओ

इस मामले में जब बिलासपुर रेल पी आर ओ संतोष कुमार से बात किया गया तो उनके द्वारा लापरवाही पूर्ण अंदाज में कहा गया कि देखा जाएगा, जो भी कांट्रेक्ट में क्लॉज होगा उसके हिसाब से एक्शन लिया जाएगा, इसकी जांच होगी तब बताएंगे।

सरकार ध्यान दे

गौरतलब है कि रेल्वे जैसे विभाग को ऐसे अधिकारी बदनाम करने और निम्न स्तर का काम करने वाले ठेकेदार को संरक्षण देने का जब तक काम करते रहेंगे तब तक होने वाली दुर्घटनाओं को नही रोका जा सकता है।

ओह माई गॉड रेल्वे में भी इतनी बड़ी लापरवाही हवा हवाई निरीक्षण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here