
उमरिया – जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर अंतर्गत ग्राम बड़ी बेल्दी में रविवार – सोमवार की दरम्यानी रात स्थानीय गीदही यादव के घर में अचानक मादा तेंदुआ घुस गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाकर बाहर से ताला लगा दिया था, और वन विभाग को जानकारी दी थी।

पतौर रेंजर अर्पित मेराल ने बताया कि पनपथा रेंजर मुख्यालय से कहीं बाहर होने के कारण देर रात हमारे पास डिप्टी डायरेक्टर साहब का फोन आया तो हम तत्काल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, रात करीब 2 से 2.30 बजे के बीच ताला खोलकर किसी तरह मादा तेंदुवे को जंगल की तरफ खदेड़े। इस बीच ग्रामीण काफी आक्रोशित थे, उनका कहना था कि रेस्क्यू कर मादा तेंदुवे को कही और शिफ्ट किया जाए।

गौरतलब है कि अभी हाल के दिनों में स्थानीय सुदामा पटेल के घर के पास तेंदुये की मौजूदगी रही और वहीं तेंदुआ शावक कुत्ते के बच्चे को मारकर पेड़ पर टांग दिया था बाद में उसको निवाला बना लिया। जिसके चलते ग्रामीण दहशत में है और तेंदुये को रेस्क्यू करने की बात कह रहे है।
इस क्षेत्र में वन्य प्राणियों की मौजूदगी अधिक होने का कारण यह भी है कि पनपथा बफर के बिरहुलिया और करौंदिया बीट के बीच बकेली, उमरिया, करौंदिया, हरदुआ और सुखदास गांव मौजूद है, जिसके चलते वन्य जीव दोनो बीट में विचरण करते हैं और वन्य प्राणियों की इन गांवों में आवक बनी रहती है और मानव जीवन प्रभावित होता रहता है।







