
उमरिया – जिले का बांधवगढ टाइगर रिज़र्व जहां बाघों के घनत्व के बारे में विश्व के मानचित्र पर अपना अलग महत्व रखता है तो वहीं बाघों की मौत के बारे में भी अपना अलग स्थान बना लिया है।
ताला वन परिक्षेत्र में 7 वर्षीय नर बाघ का शव गश्ती के दौरान पार्क टीम ने कल सुबह करीब 11 बजे किला रोड स्थित शेष शैय्या बीट के आर एफ क्रमांक 317 में देखा, जिसके बाद अधिकारियों को सूचना दी गई और पार्क अधिकारियों में हड़कप मच गया। पार्क प्रबंधन के अनुसार मृत नर बाघ के सर, गले, कंधे एवम पीठ पर गम्भीर चोट के निशान पाए गए हैं।

इस पूरे मामले में पार्क प्रबन्धन देर रात प्रेस नोट तो जारी कर दिया है लेकिन उस प्रेस नोट पर किसी भी अधिकारी के हस्ताक्षर नही हैं वहीं आधिकारिक रूप से मृत बाघ की कोई भी तस्वीर मीडिया को नही दी गई, जिससे बाघ की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होना प्रतीत होती है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के उप संचालक पी के वर्मा ने इस संदिग्ध मौत को टेरिटोरियल फाइट बताते हुए बताया कि क्षेत्र के वर्चस्व को लेकर दो बाघों की आपसी भिड़ंत में 7 वर्षीय नर बाघ की मौत हुई है। साथ ही यह भी बताया कि घटना स्थल के करींब अन्य नर बाघों के पगमार्क मिले है, जो टेरिटरी के लिए आपसी भिड़ंत के साक्ष्य के रूप में प्रथम दृष्ट्या समझे जा सकते है।
वहीं बताए कि हम लोग मृत बाघ का पोस्टमार्टम करवा कर दूसरे बाघ की तलाश करवा रहे थे तभी जानकारी मिली कि बाँधवाधीश वाली पहाड़ी के नीचे नाले में दूसरे बाघ का भी शव मिलने की सूचना आई है, अभी सारी टीम डॉक्टर सहित वहां के लिए रवाना कर दिया गया है और उच्च अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है, आगे की कार्रवाई की जा रही है अभी दोनो बाघों को आइडेंटिफाई करने की कार्रवाई भी की जा रही है।







