
जिले के आकाशकोट क्षेत्र के ग्राम माली में भीषण पेयजल संकट के चलते 3 किलोमीटर नीचे घाट उतरकर एक मात्र कुएँ से लाते हैं पीने का पानी
*3 किलोमीटर नीचे घाट से लाते हैं पानी*

Umaria – जिले ही नहीं पूरे देश में जब डीजल-पेट्रोल के बढ़ते दाम सुर्खियों में हैं वही जिले का एक आदिवासी बाहुल्य गाँव पीने के पानी के लिए दिनरात संघर्ष कर रहा है। जिले के आकाशकोट क्षेत्र की ग्राम पंचायत माली में पेयजल का भीषण संकट है। गाँव का एक मात्र कुआँ पीने के पानी का स्त्रोत है। 3 किलोमीटर नीचे घाट उतरने पर पानी मिल पाता है। हर परिवार का प्रत्येक सदस्य दिनभर इस भीषण गर्मी में घाट उतर कर पानी लेने आता है और फिर पानी लेकर तीन किलोमीटर घाट चढ़कर कुएं से पानी ले जाने के लिए मजबूर है।
*इंद्राणा बाई ने बताया*

माली गाँव की निवासी इन्द्राणा बाई बताती हैं कि हमारे गाँव मे एक ही कुँआ है। घाट को चढ़कर हम पानी भरते है। उम्र दराज होने से हमे काफी समस्या होती है। पानी देने का वादा जिला प्रशासन करता तो है लेकिन हमें पानी नही मिलता। हमें बड़ी मजबूरी में घाट चढ़कर पानी लाना पड़ता है, इतना ही प्रशासन पर तंज कसते हुए कहती हैं कि लोग आते हैं फोटो खींच कर ले जाते हैं लेकिन हम वैसे ही पानी ढोते हैं l
*सुन्दर सिंह ने बताया*

माली गाँव के सुंदर सिंह बताते है कि हमारे गाँव मे पानी की जटिल समस्या है। हमारे गाँव मे नहाने के लिए तालाब का गंदा पानी है जिससे कई बीमारियों का भी खतरा बना हुआ है। पीने के लिए भी 2-3 किलोमीटर घाट चढ़कर बच्चे, बूढे दिन भर पानी भरते है। हम जिला प्रशासन से अनुरोध करते है कि हमे पानी उपलब्ध करवाया जाए। हमारे गाँव मे नलजल योजना भी बंद पड़ी हुई है।
*इमरती बाई ने बताया*

माली गाँव की निवासी इमरती बाई बताती हैं की हमें पीने के पानी के साथ-साथ रोज के नहाने के लिए भी पानी की बड़ी समस्या है। गाँव से 3 किलोमीटर दूर एक तालाब है जहां हम नहाने जाते है उसके बाद घर से 3 किलोमीटर दूर इस कुएँ में पीने का पानी लेने आते है। हमें पानी चाहिए क्योंकि हमारे छोटे-छोटे बच्चे भी पानी दिन भर भरते है।
*गनेशिया बाई ने बताया*

गनेसिया बाई बताती है कि पानी का हमे अकाल है। घर की सभी लोग आते हैं तो यहां से पानी ले जाते हैं। हमें स्कूल में भी एक-दो घंटे लाइन लगना पड़ता है तब पानी मिलता है।
*जिले की कलेक्टर ने बताया*

वही पूरे मामले में जब जिला कलेक्टर उमरिया राखी सहाय से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा आपके द्वारा संज्ञान में लाया गया कि माली गाँव मे पेयजल संकट हैं। मैंने अभी तुरन्त एसडीएम बांधवगढ़ और राजस्व के अमले को तस्दीक करने के लिए कहा है। यदि पेयजल की समस्या है तो अभी टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध करवाया जाएगा।
*सी एम के दावे फेल*

गौरतलब है कि एक तरफ प्रदेश सरकार सभी को स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने का दावा करती है दूसरी तरफ जिले में कहीं पानी के बिना गायों की मौत हो रही है तो कहीं ग्रामीण तीन किलोमीटर दूर से पहाड़ पर चढ़ कर पानी ले जाने को मजबूर है, तो क्या सी एम की घोषणा और वायदे उमरिया जिले के लिए नहीं हैं या फिर जिले का जिम्मेदार अमला पानी के नाम पर घोटाला करने में लगा है, मामला चाहे कुछ भी हो लेकिन ग्रामीणों को तो पानी चाहिए l
*भीषण पेयजल संकट तीन किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर ग्रामीण*




