Home क्राइम उपार्जन का गेहूं बेचते पकड़ाया ट्रक ट्रांसपोर्टर एवं खाद्य विभाग की मिलीभगत

उपार्जन का गेहूं बेचते पकड़ाया ट्रक ट्रांसपोर्टर एवं खाद्य विभाग की मिलीभगत

118
0

उपार्जन का गेहूं खुले आम बेचते पकड़ाया ट्रक, ट्रांसपोर्टर एवं खाद्य विभाग की मिलीभगत,पुलिस ने जप्त किया ट्रक को 

*उपार्जन के अनाज की चोरी*

Umaria – जिले में एक बार फिर से छतरपुर के ट्रांसपोर्टर की कलई खुली, मामला जब पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने ट्रक को जप्त कर अपनी अभिरक्षा में खड़ा करवा लिया है, जिले में चल रहे गेहूं उपार्जन में समिति स्तरीय खरीदी जो खुले में की जाती रही उसको परिवहन कर गोदाम तक पहुंचाने  का कार्य फिर से छतरपुर जिले के परिवहनकर्ता मेसर्स पवन कुमार जैन एंड ट्रांसपोर्ट कंपनी को दिया गया है l जिसके द्वारा जिले की प्रत्येक समितियों से उपार्जन के गेहूं को परिवहन किया जा रहा है, पूर्व में धान के परिवहन का कार्य भी इसी कंपनी को दिया गया था, वैसे देखा जाय तो नागरिक आपूर्ति निगम की मिलीभगत से लगातार कई वर्षों से उमरिया जिले के परिवहन का कार्य इसी कंपनी को दिया जा रहा है और इसके मैनेजर, ठेकेदार, वाहन चालक सभी मिल कर भारी मात्रा में उपार्जन के अनाज की चोरी करते हैं और उसकी घटती समिति प्रबंधकों को पूरा करनी पड़ती है l  

*अधिकारी और परिवहनकर्ता की सांठगांठ*

आज उपार्जन केंद्र मातेश्वरी स्व-सहायता समूह बिलासपुर से गेहूं लोड कर धनवाही स्थित वामिका वेयरहाउस भेजा जा रहा था जिसको धनवाही मोड़ पर ट्रक क्रमांक एम पी 07 एच बी 5285 का चालक बेचते हुए पकड़ा गया l आपको बता दें पूर्व में इसी परिवहनकर्ता द्वारा धान ढुलाई के दौरान नौगमा समिति की धान दिनांक 07/01/2025 को ट्रक क्रमांक एम पी 04 जेड यू 7266 में टी सी क्रमांक 59341080045 के माध्यम से 550 बोरी अर्थात 220 क्विंटल धान लोड कर 8 किलोमीटर दूर गोदाम में भंडारण के लिए निकला था लेकिन 24 फरवरी तक ट्रक नहीं पहुंचा था, बात मीडिया में आने के बाद प्रभारी जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम एवं प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी रोहित सिंह बघेल ने बताया कि धान पहुंच गई, और परिवहनकर्ता के ऊपर कोई कार्रवाई नहीं की गई जो साफ दर्शाता है कि परिवहनकर्ता और अधिकारी के संबंध कितने मधुर है जो अभयदान दिया गया l 

*सिविल लाइन चौकी की कार्रवाई*

हालांकि आज गेहूं बेचते पकड़े जाने पर मामला पुलिस तक चला गया, और सिविल लाइन चौकी प्रभारी ने ट्रक को जांच होने तक अपनी अभिरक्षा में जप्त कर खड़ा करवा लिया है, वहीं चौकी प्रभारी ने बताया कि जब जिला आपूर्ति अधिकारी रोहित सिंह जी को फोन लगाया गया तो उनके द्वारा जवाब दिया गया कि मैं भोपाल में हूं, वहीं उनके द्वारा फूड इंस्पेक्टर जागृति प्रजापति का नम्बर उनको दे दिया गया, चौकी प्रभारी द्वारा जब जागृति प्रजापति को फोन लगाया गया तो उनके द्वारा भी कह दिया गया कि मैं मानपुर में हूं, वहीं परिवहनकर्ता को फोन लगाने पर मामले को मैनेज करने की बात कहीं गई, जो साफ दर्शाता है कि नागरिक आपूर्ति निगम, खाद्य विभाग और परिवहनकर्ता की मिलीभगत से खुले आम परिवहन के दौरान ट्रकों से अनाज की हेराफेरी की जाती है लेकिन चौकी प्रभारी ने नियमों के तहत ट्रक क्रमांक एम पी 07 एच बी 5285 को जप्त कर सिविल लाइन चौकी में खड़ा कर लिया गया है और खाद्य विभाग को सूचना दे दी गई है, अब गेंद खाद्य विभाग के पाले में है और संभावना है कि खाद्य विभाग के ईमानदार अधिकारी सरकारी गेहूं का हवाला देकर क्लीन चिट दे देंगे और ट्रक को गोदाम के लिए रवाना करवा देंगे एवं चालक द्वारा बेचे गए गेहूं की पूर्ति मातेश्वरी स्वसहायता समिति से करवा देंगे l 

*चोरी का गेहूं रखा हुआ*

सूत्रों के अनुसार ट्रक में उपार्जन केंद्र से लगभग 650 बोरी गेहूं लोड किया गया था और चालक द्वारा रास्ते में कितनी मात्रा में गेहूं बेचा गया इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फोटो मे देखा जा सकता है कैसे टेसू के पेड़ के नीचे गेहूं के बोरे क़ो रखा गया है बरहाल आगे जो भी हो प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही गेहूं की वास्तविक कमी, जिम्मेदारों की भूमिका और संभावित हेराफेरी की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मामले के उजागर होने के बाद उपार्जन केंद्रों से वेयरहाउस तक होने वाले गेहूं परिवहन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

*निष्पक्ष जांच की आवश्यकता*

गौरतलब है कि भ्रष्टाचार में लिप्त ईमानदार प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी एवं प्रभारी जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम जिले की कलेक्टर को भी अंधेरे में रख कर मनमानी जानकारी उनके पास तक पहुंचाते हैं जिसके चलते उनको भी सही स्थिति का पता नहीं चल पाता है ऐसे में आवश्यकता है कि दूसरे विभाग द्वारा सारे मामले की जांच करवाई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके l 

*उपार्जन का गेहूं बेचते पकड़ाया ट्रक ट्रांसपोर्टर एवं खाद्य विभाग की मिलीभगत*

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here