
अवैध रूप से बिक्री के लिए नौरोजाबाद से पाली ला रहा था एक पेटी बीयर नही बच सका पुलिस की पैनी नजर से

उमरिया – जिले में अवैध शराब का धंधा जोरों से चल रहा है, अवैध पैकारी के खिलाफ पुलिस ने कदम बढ़ाया तो आबकारी ने हाथ खींच लिया, इतना ही नही आबकारी विभाग में तो ऐसे कर्मचारी हैं जो पहले से बता देते हैं कि हम आ रहे हैं, हालांकि पुलिस विभाग में भी कुछ ऐसे लोग हैं जिनकी बदौलत अवैध पैकारी खुले आम चल रही है। ऐसा ही वाकया आज पाली थाना क्षेत्र में हुआ, अनिल सिंह राजपूत जब तक पाली शराब ठेकेदार से शराब , बियर वगैरह लेकर पैकारी करता था तब तक नही पकड़ा गया लेकिन जब नौरोजाबाद के शराब ठेकेदार से बियर लेकर पाली में बेचने लगा तो पाली शराब ठेकेदार के आदमी ने ही पकड़वा दिया और पुलिस कार्रवाई कर दी।

पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान अनिल सिंह राजपूत पिता हरि सिंह राजपूत के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 ए के तहत कार्रवाई की जा गई है। जब्त की गई एक पेटी बीयर को विधिवत सील कर थाने में सुरक्षित रखा गया है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक नौरोजाबाद की ओर से बीयर लेकर पाली की तरफ आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध युवक पाली की ओर पहुंचा, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 36 नग बीयर बरामद की गई।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी कोई वैध दस्तावेज या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बीयर किस उद्देश्य से लाई जा रही थी और इसके पीछे किसी संगठित अवैध शराब नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।

पाली पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
36 नग बियर की बोतल के साथ पकड़ा गया युवक पुलिस ने की कार्रवाई






