
2 दिसंबर से प्रदेश में धान की खरीदी चालू हो गई लेकिन जिले में अभी भी पूर्ण रूप से चालू नही हुई वहीं पुराने केन्द्र चालू न होने से अब 800 किसान आंदोलन की तैयारी में।
क्यों किसानों ने दिया आंदोलन की चेतावनी

उमरिया – जिले के मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत कई धान केंद्रों में खरीदी ना होने के कारण उमरिया कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान अब आंदोलन की राह पकड़ने को मजबुर हो गये है जहां धान खरीदी केंद्र खोला जाता था अब वहां धान खरीदी केन्द्र न होने के कारण अब किसान परेशान नजर आ रहे हैं किसानों ने कलेक्टर से मांग की है कि हमारे यहां भी धान खरीदी केंद्र खोले जाएं नहीं तो हम आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे।
800 किसान परेशान

जिले के किसान धान की कटाई एवं गहाई करने के बाद अब धान बिक्री के लिए धान खरीदी केंद्र का रुख कर रहे हैं मगर किसानों का कहना है कि हमारे यहां धान खरीदी केंद्र बनाये जाते थे वह इस बार धान खरीदी केंद्र ना होने से हम लोग परेशान हैं अब हम अपनी धान किसको बेचे क्योंकि केंद्र न होने के कारण अब जो केंद्र बनाये गये हैं वह हमारे गांव से कम से कम 25 से 30 किलोमीटर की दूरी पर हैं बड़े किसान तो किसी साधन से अपनी धान वहां तक ले जा सकते हैं लेकिन हम छोटे किसान कहां जाएं अगर धान खरीदी केंद्र नहीं खोले जाएंगे तो हम आंदोलन कि राह पर चले जाएगे।
क्या कह रहे हैं ग्राम बरा के किसान

ग्राम बरा निवासी किसान राम रुद्र द्विवेदी ने बताया कि हमारे क्षेत्र के 8 गांव जिसमे काई, धनवाही, पोंडिया, मझोखर, कोटरी, खलौन्ध, बरा, चिमटा शामिल हैं यहां के 800 किसान केन्द्र न होने के कारण अपनी धान नही बेच पा रहे हैं, पहले कोटरी और बरा दोनो ही खरीदी केंद्र बनते थे लेकिन इस बार नही बने हैं, पहले बोले कि बनेगा लेकिन अब नही बना और कह दिए कि आपको जहां ले जाना हो ले जाइये, हमारे यहां से 25 किलोमीटर पड़ता है, अभी जो नये केन्द्र चिल्हारी और अमरपुर बने हैं, किसानों को अपनी धान ले जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है जिसके पास वाहन है वह तो किसी तरह ले जाएगा मगर जिसके पास वाहन नहीं है वह क्या करेगा, यदि नही बनता है तो धरना प्रदर्शन करेंगे।
कोटरी के किसान क्यों दे रहे हैं चेतावनी

वहीं ग्राम कोटरी निवासी किसान तीरथ प्रसाद द्विवेदी का कहना है कि विगत वर्षों की भांति धान उपार्जन केंद्र हमारे बरा ग्राम में नहीं बनाया गया जिसके चलते उसे लगभग आठ गांवों के 8 00 किसान प्रभावित हो रहे हैं जो अपनी धान की फसल नहीं बेच पा रहे हैं, आज हमने जनसुनवाई में कलेक्टर साहब को और जिला खाद्य अधिकारी को आवेदन दिया है कलेक्टर साहब ने आश्वासन दिया है कि आपका नजदीकी केंद्र बरा बनाया जाएगा, यदि केंद्र नहीं बनाया जाता है तो हम सभी गांव के लोग मिलकर धरना प्रदर्शन करेंगे।
पूर्व विधायक क्या बोले

वही कांग्रेस इस मामले को लेकर सरकार को घेरने के चक्कर में है पूर्व विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि सरकार ने क्या व्यवस्था की है, पहले नान के पास व्यवस्था थी, धान खरीदी पूरे प्रदेश में प्रारंभ हो चुकी है तो उमरिया में धान खरीदी केंद्र क्यों चालू नहीं हो पा रहे हैं किसान की धान जब बिकेगी तब वह आगे की खेती कर पाएंगे खाद लेंगे बीज लेंगे गेहूं बो पाएंगे खाली उमरिया जिला ही एक ऐसा जिला है जहां सारे प्रयोग किए जाते हैं, उमरिया के किसानों के साथ ऐसा सौतेला व्यवहार क्यों किया जाता है जब नान जैसी संस्था काम नहीं कर पा रही है तो यह नई संस्था क्या काम कर पाएगी, इसका क्या कारण है सरकार को इस व्यवस्था को वापस लेना चाहिए जो पूर्व की संस्था थी उसको फिर से कम दें ताकि पूर्ववत काम चल सके।
अपर कलेक्टर ने कहा

वहीं अपर कलेक्टर शिव गोविन्द मरकाम का कहना है कि बरा और कोटरी में धान खरीदी केंद्र बंद हो गया है आज आवेदन प्राप्त हुआ है डीएसओ को मार्क कर दिया गया है, जैसे ही पता चलेगा आप लोगों को अवगत कराया जाएगा और हम प्रयास करेंगे कि वहां धान खरीदी केंद्र फिर से खुल जाय।
खाद्य और सहकारिता विभाग का रवैया

गौरतलब है कि जिले में मनमानी ढंग से खाद्य और सहकारिता विभाग अपने चहेतों को उपकृत करने के लिए उपार्जन केन्द्र खोलने के लिए प्रदेश सरकार को अनुशंसा भेज कर अपने चहेतों को नियुक्त कर दिए और उनको किसानों से कोई लेना देना नही है, जबकि प्रदेश सरकार किसान हित मे कार्य करने को कहती है लेकिन उमरिया जिले में मनमानी रवैया चल रहा है, जिसके चलते किसान परेशान हैं।
उपार्जन का धान खरीदी केंद्र नही खुला तो करेंगे आंदोलन







