
राजपत्रित पद पर नियम विरुद्ध पदस्थापना पर प्रभारी मंत्री ने कहा जांच करवाता हूँ तो वहीं आर सी एस ने कहा कार्रवाई करता हूँ, अब कार्रवाई का इंतजार
जिले की स्थिति

Umaria – जिले में कहीं भी शासन के नियम कायदों का पालन नही हो रहा है, हर जगह मनमानी का दौर नजर चल रहा है, निलंबन और बहाली का खेल तो चल ही रहा है उसके साथ यदि कोई खास मामला हुआ तो हाईकोर्ट से स्टे ले लिये, बस इतने में ही जिला चल रहा है। इतना ही नही जहां सुशासन दिवस पर जिले के हर विभाग के अधिकारी मौजूद रहे वहीं प्रभारी एआरसीएस का कहीं पता नही रहा।
क्या है सहकारिता विभाग का खेल

आज बात कर रहे हैं सहकारिता विभाग की जहां बीते दिनों जिले के कलेक्टर ने सहकारिता निरीक्षक चंद्रमणि द्विवेदी को पाली ब्लाक के 80 आदिवासी किसानों के फर्जी लोन मामले में एडीएम से जांच करवा कर उनके प्रतिवेदन के आधार पर तत्काल निलंबित कर दिया और सहकारिता निरीक्षक हाईकोर्ट से स्टे लेकर फिर से समितियों में अपना पुराना काम चालू कर दिए। ऐसे में यदि जिले के कलेक्टर चाहें तो हाईकोर्ट के आदेश का सम्मान करते हुए सारी समितियों का प्रभार हटवा सकते हैं।
कलेक्टर के आदेश की अवहेलना

दूसरी तरफ एसडीएम बांधवगढ़ ने वर्ष 2016 से लम्बित अनियमितता एवं गबन के मामलों पर शासकीय राशि की रिकव्हरी और जुर्माना तय कर मामलों का निपटारा कर दिया, जिस पर कलेक्टर ने निर्देश दिया कि उन विक्रेताओं से रिकव्हरी और जुर्माना की राशि वसूल कर उनकी सेवा समाप्त की जाय, लेकिन इस आदेश के बाद गेंद सहकारिता और खाद्य विभाग के पाले में चली गई और नतीजा यह हुआ कि प्रभारी एआरसीएस सभी दागी विक्रेताओं को संरक्षण देकर न तो रिकव्हरी और जुर्माना की राशि जमा करवाये और न ही किसी की सेवा ही समाप्त किये उल्टे उनको पदोन्नति से नवाज भी दिए और जिले के कलेक्टर के आदेश को हवा में उड़ा दिये।
कैसे है नियम विरुद्ध पदस्थापना

उसका सबसे बड़ा कारण यह है कि शासन के नियम विरुद्ध प्रभारी एआरसीएस अभय सिंह भी इसी जिले के हैं और इसी जिले में प्रभारी एआरसीएस के पद पर पदस्थ हैं जबकि कोई भी राजपत्रित अधिकारी गृह जिले में प्रभारी या पदस्थ नही हो सकता है। इसी जिले का होने के नाते वो कैसे अपने चहेतों पर कोई कार्रवाई करें, इसी के कारण कलेक्टर के आदेश को हवा में उड़ा दिए और फाइल जिले के कलेक्टर के सामने आज तक प्रस्तुत नही किये।
क्या कहे आरसीएस

इस मामले पर जब आरसीएस भोपाल मनोज पुष्प (आईएएस) से बात किया गया तो उन्होंने कहा कि मेरे संज्ञान में आया है मैं कार्रवाई करता हूँ।
प्रभारी मंत्री ने क्या कहा

वहीं इस मामले में जब जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान से बात किया गया तो उन्होंने कहा कि मैं जांच करवा कर कार्रवाई करता हूँ।
कार्रवाई का इंतजार

अब देखना होगा कि कब तक आरसीएस और जिले के प्रभारी मंत्री कार्रवाई करते हैं और सहकारिता विभाग में स्वच्छ प्रशासन देते हैं ताकि किसानों के साथ न्याय हो सके और भ्रष्ट एवं दागी विक्रेता से मुक्ति आम जनता को मिल सकें जिससे उनको पूरा खाद्यान्न एवं अन्य लाभ मिल सके।
नियम विरुद्ध पदस्थापना पर प्रभारी मंत्री ने दिया कार्रवाई का आश्वासन







